सोलन मंडी में टमाटर के दाम गिरे, व्यापारियों की कमी से किसानों को भारी नुकसान

सोलन सब्जी मंडी में शनिवार को टमाटर समेत कई सब्जियों के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मंडी के व्यापारी एवं शॉप नंबर 10 के संचालक सचिन ठाकुर ने बताया कि पंजाब की निचली मंडियां एक अगस्त को बंद रहने के कारण वहां के अधिकांश व्यापारी सोलन नहीं पहुंचे। इसका सीधा असर टमाटर के भाव पर पड़ा और किसानों को अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाया।
उन्होंने बताया कि पिछले दिन 400 से 500 रुपये प्रति क्रेट बिकने वाला अच्छी गुणवत्ता का टमाटर शनिवार को 100 से 250 रुपये प्रति क्रेट तक सिमट गया। हालांकि कुछ चुनिंदा लॉट 450 रुपये तक भी बिके, लेकिन अधिकांश टमाटर का औसत भाव करीब 250 रुपये प्रति क्रेट रहा।
सचिन ठाकुर ने बताया कि अन्य सब्जियों के दामों में भी नरमी देखने को मिली। हरी मिर्च 1 से 25 रुपये प्रति किलो के बीच बिकी, जबकि बीन की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर अच्छी गुणवत्ता की बीन 52 रुपये प्रति किलो तक पहुंची। वहीं लहसुन का बाजार अपेक्षाकृत बेहतर रहा। मध्यम और अच्छी गुणवत्ता का लहसुन 70 से 170 रुपये प्रति किलो तक बिका।
उन्होंने बताया कि पुरानी फसल लगभग समाप्त हो चुकी है और अब नई फसल की आवक शुरू हो गई है। उनके अनुसार इस सीजन में टमाटर के दाम 200 से 400 रुपये प्रति क्रेट के बीच रहने की संभावना है।
सचिन ठाकुर ने कहा कि एक क्रेट टमाटर तैयार करने में किसान का लगभग 500 रुपये खर्च आता है। ऐसे में 500 रुपये से कम कीमत मिलने पर किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *