नगर निगम सोलन ने पानी के बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं। नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से पानी के बिलों का भुगतान नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करनी होगी, अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि नगर निगम को जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन और रखरखाव के लिए नियमित राजस्व की आवश्यकता होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में लंबित पानी के बिल निगम की वित्तीय व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। इसी को देखते हुए बकायादारों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने पानी के बिल जमा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यदि नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध निगम अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसमें जल कनेक्शन काटने सहित अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि वे समय पर बिलों का भुगतान कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और नगर निगम के साथ सहयोग करें, ताकि शहर में पेयजल सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें।
सोलन : पानी का बिल नहीं भरा तो होगी सख्त कार्रवाई, नगर निगम ने डिफॉल्टरों को भेजे नोटिस