जिला सोलन में रसोई गैस उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिला नियंत्रक श्रवण कुमार ने बताया कि उपायुक्त की अध्यक्षता में हाल ही में तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने बताया कि प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि कई क्षेत्रों में एक्सटेंशन प्वाइंट्स पर गैस वितरण वाहन समय पर नहीं पहुंचते और उपभोक्ताओं को इसकी पूर्व सूचना भी नहीं मिलती, जिससे उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए सभी गैस एजेंसियों को व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इन ग्रुपों में पंचायत प्रधान, वार्ड सदस्य, विभागीय निरीक्षक और जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) को भी शामिल किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत किसी भी क्षेत्र में गैस वितरण वाहन भेजने से पहले संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप में इसकी सूचना साझा की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी मिलेगी और उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही विभागीय अधिकारी वितरण व्यवस्था की निगरानी भी प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
जिला नियंत्रक ने बताया कि वर्तमान में सोलन जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है तथा केवल प्लांट स्तर पर देरी होने की स्थिति में ही वितरण कार्यक्रम में बदलाव होता है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी सड़कें खुली हैं और फिलहाल मौसम के कारण गैस आपूर्ति पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।
बाइट – श्रवण कुमार, जिला नियंत्रक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सोलन
सोलन में गैस आपूर्ति होगी और पारदर्शी, व्हाट्सएप ग्रुप से मिलेगी सिलेंडर वितरण की पूर्व सूचना