कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने सोलन जिले में ‘एग्री स्टैक’ योजना के क्रियान्वयन में तेजी ला दी है। विभाग के अनुसार यह योजना कृषि कार्यों को डिजिटल स्वरूप देने के साथ किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी बनाएगी।
योजना के तहत दो प्रमुख कार्य किए जा रहे हैं। पहले चरण में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों के खेतों की जियो-टैगिंग और डिजिटल मैपिंग की जा रही है। इसके लिए अधिकृत सर्वेयर मोबाइल एप के जरिए खेतों का डेटा एकत्र कर रहे हैं। इससे फसल बीमा दावों का शीघ्र निपटारा होगा तथा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में मुआवजे की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा सकेगी।
दूसरे चरण में किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों सहित अन्य किसान भी `agristack.gov.in` पोर्टल अथवा मोबाइल एप के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, भूमि संबंधी रिकॉर्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा।
कृषि विभाग का कहना है कि योजना के लागू होने से फसलों का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे कृषि योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकेंगी और बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी। विभाग ने किसानों से योजना में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा किसी भी सहायता के लिए निकटतम कृषि प्रसार अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी या जिला कृषि कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।