सोलन में कल खुलेगा ‘हिम-इरा’ प्रीमियम स्टोर एवं कैफे, महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा नया बाजार

हिमाचल प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोलन में ‘हिम-इरा’ प्रीमियम स्टोर एवं कैफे का शुभारंभ 30 जुलाई को किया जाएगा। सब्जी मंडी सोलन के समीप स्थित इस स्टोर एवं कैफे का उद्घाटन सुबह 10:15 बजे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम सांडिल करेंगे। यह जानकारी जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि ‘हिम-इरा’ प्रीमियम स्टोर एवं कैफे का संचालन महिला क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा महिलाओं को विभिन्न उत्पादों के निर्माण के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए रियायती दरों पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
स्टोर में हिमाचल के पारंपरिक हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ प्रदेश के प्रसिद्ध व्यंजनों का भी स्वाद उपलब्ध होगा। यहां सिड्डू, पटांडे, लुसके, कूड़े, सरसों का साग, मक्की की रोटी सहित पारंपरिक हिमाचली धाम के व्यंजन जैसे मदरा, सेपू बड़ी, कढ़ी और अन्य स्थानीय पकवान परोसे जाएंगे। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी हिमाचल की संस्कृति और खान-पान से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
रमेश शर्मा ने सोलन तथा आसपास के लोगों से उद्घाटन समारोह में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। उन्होंने विशेष रूप से शिमला आने-जाने वाले पर्यटकों से भी इस स्टोर एवं कैफे का लाभ उठाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *