सोलन मंडी में टमाटर के दामों में जबरदस्त उछाल, सीमित आवक से तेज हुए भाव

हिमाचल प्रदेश की सोलन मंडी में इन दिनों टमाटर के दामों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। सीमित आवक और अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर की बढ़ती मांग के चलते मंडी में रोजाना भाव बढ़ रहे हैं। चंडीगढ़ और पंचकूला से आने वाले व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में आवक नहीं बढ़ी तो कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है। चंडीगढ़ के व्यापारी राम सागर कुमार ने बताया कि पिछले 10 से 15 वर्षों से वह सोलन मंडी से टमाटर की खरीद कर रहे हैं। उनके अनुसार पिछले कुछ दिनों से मंडी में टमाटर की आवक कम होने के कारण प्रतिदिन 100 से 150 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कुछ दिन पहले तक टमाटर 300 से 350 रुपये प्रति क्रेट बिक रहा था, जबकि अब अच्छी गुणवत्ता का टमाटर 400 से 650 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि ‘सोना’ और ‘मानिक’ किस्म के टमाटरों की बाजार में सबसे अधिक मांग बनी हुई है। पंचकूला के व्यापारी बजरंगी ने बताया कि ‘हिम सोना’ किस्म के टमाटर की मांग लगातार बढ़ रही है। बेहतर रंग और गुणवत्ता के कारण यह किस्म खरीदारों की पहली पसंद बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अच्छी गुणवत्ता वाला लाल ‘हिम सोना’ टमाटर 600 से 700 रुपये प्रति क्रेट तक बिक रहा है, जबकि सामान्य किस्म के टमाटर 450 से 550 रुपये प्रति क्रेट के बीच बिक रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार लगातार बारिश का असर भी बाजार पर दिखाई दे रहा है। बरसात के कारण कई क्षेत्रों से आने वाला टमाटर हल्का गीला और कच्चा पहुंच रहा है, जिससे उसकी कीमत अपेक्षाकृत कम मिल रही है। इसके बावजूद हिमाचल के टमाटर की मांग अन्य राज्यों की तुलना में अधिक बनी हुई है। व्यापारियों का मानना है कि यदि आवक में बढ़ोतरी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में टमाटर के दाम और बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *