सोलन : कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, देश की एकता और अखंडता की रक्षा का लिया संकल्प

27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को सोलन में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनमोहन शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया गया। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने उपस्थित लोगों को कारगिल युद्ध के गौरवशाली इतिहास को सदैव स्मरण रखने तथा देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग से सीख लेनी चाहिए।
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक कर्नल सुरेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि इस वर्ष देश 27वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के 527 वीर सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इनमें हिमाचल प्रदेश के 52 वीर जवान शामिल थे, जबकि जिला सोलन के दो सैनिकों ने भी देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए और जिले का नाम गौरवान्वित किया।
उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *