सोलन : शूलिनी मेला-2026 की तैयारियां पूरी, तीन सांस्कृतिक संध्याएं रहेंगी आकर्षण का केंद्र

ऐतिहासिक राज्य स्तरीय शूलिनी मेला-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि 26 जून से आरंभ होने वाले इस प्रतिष्ठित मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष आयोजित होने वाली तीन भव्य सांस्कृतिक संध्याएं मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगी। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय संस्कृति और विविधता को विशेष महत्व दिया गया है। एक सांस्कृतिक संध्या हिंदी कलाकारों, दूसरी पहाड़ी कलाकारों तथा तीसरी पंजाबी कलाकारों के नाम समर्पित रहेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ दर्शकों को मनोरंजन का अवसर भी मिलेगा।
डीसी ने बताया कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिला वासियों को शूलिनी मेले की शुभकामनाएं देते हुए सभी से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सोलन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *