सोलन  : शूलिनी मेले में पहली बार 10 दिन तक सजेंगे झूले और बाजार, नगर निगम को मिलेगा 60 लाख 78 का राजस्व

राज्य स्तरीय शूलिनी मेला-2026 को लेकर नगर निगम सोलन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम आयुक्त एकता कापटा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष शूलिनी मेला 26 जून से 5 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि ठोडो मैदान में लगने वाले झूले और बाजार पूरे 10 दिनों तक लोगों के लिए खुले रहेंगे।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश के अन्य प्रमुख राज्य स्तरीय मेलों की तर्ज पर शूलिनी मेले में भी झूलों और स्टॉल्स की अवधि बढ़ाई जाए। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी पर्यटकों को भी मेले का अधिक समय तक आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
आयुक्त ने बताया कि मेले के लिए नगर निगम द्वारा आयोजित नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। एक निजी पार्टी को ठोडो मैदान में 10 दिनों तक झूले और स्टॉल्स लगाने का ठेका दिया गया है। इस व्यवस्था से नगर निगम को लगभग 51 लाख 50 रुपये का राजस्व प्राप्त होगा, जिसमें जीएसटी का हिस्सा भी शामिल है।
एकता कापटा ने कहा कि मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों को शूलिनी मेले में भाग लेने का आमंत्रण देते हुए विश्वास जताया कि इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और यादगार साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *