सोलन: कंडाघाट बीडीसी चुनाव निर्विरोध संपन्न, इंदिरा चौहान अध्यक्ष और ज्ञान सिंह उपाध्यक्ष बने

कंडाघाट पंचायत विकास समिति (बीडीसी) के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार बुधवार को समाप्त हो गया। एसडीएम कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस समर्थित इंदिरा चौहान को अध्यक्ष तथा भाजपा समर्थित ज्ञान सिंह को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं और दोनों पदों को लेकर विभिन्न स्तरों पर मंथन जारी था। हालांकि चुनाव के दिन समिति के सभी 15 सदस्यों ने आपसी सहमति और समन्वय का परिचय देते हुए निर्विरोध चुनाव संपन्न करवाया। शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुए इस चुनाव की क्षेत्रभर में चर्चा रही। नवनिर्वाचित अध्यक्ष इंदिरा चौहान ने अपनी नियुक्ति पर क्षेत्र के लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की है। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्नल धनीराम शांडिल, संजय शांडिल और पूनम शांडिल के मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। इंदिरा चौहान ने बताया कि आपसी सहमति के आधार पर ढाई-ढाई वर्ष के कार्यकाल का निर्णय लिया गया है। इसके तहत वह ढाई वर्ष तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाने के बाद स्वेच्छा से पद छोड़ देंगी, ताकि अन्य सदस्य को भी नेतृत्व का अवसर मिल सके। चुनाव प्रक्रिया के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अमित ठाकुर, कर्नल रमेश ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बीडीओ कंडाघाट ओपी शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। क्षेत्र के लोगों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बने इस तालमेल को विकास के लिए सकारात्मक पहल बताया है। बाइट- ओपी शर्मा बीडीओ कंडाघाट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *