सोलन में गहराया पेयजल संकट, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सोलन शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय निवासी विजय दुग्गल ने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
विजय दुग्गल ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर महीने में केवल तीन से चार दिन ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि लोगों को छह से सात दिनों तक पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास पहुंचते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलते। विभाग की ओर से कभी पंपिंग सिस्टम में खराबी तो कभी अश्वनी खड्ड में गाद आने का कारण बताया जाता है। दुग्गल का कहना है कि यदि गर्मियों में यह स्थिति है तो बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने प्रशासन पर जन शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में पेयजल संकट लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार कर लोगों को राहत प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *