सोलन : घटिया निर्माण कार्य पर उठे सवाल, मलबे और जर्जर सड़क से परेशान स्थानीय लोग

शहर के कथेड क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र निवासी जगदीश चंद्र शर्मा ने निर्माण कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा है कि बार-बार किए जा रहे निर्माण के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
जगदीश चंद्र शर्मा के अनुसार संबंधित स्थल पर चौथी बार निर्माण कार्य किया जा रहा है, लेकिन हर बार मलबा सड़क और रास्तों पर गिर रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर फैले मलबे के कारण पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि प्रशासन समस्या की गंभीरता को नजरअंदाज कर रहा है और पहले मलबा हटाने के बजाय दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह सड़क धंसने से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और चैंबरों से टकराने के कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। क्षेत्र से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्य को मजबूत नींव से शुरू करने के बजाय केवल ऊपरी स्तर पर मरम्मत की जा रही है। उनका दावा है कि यदि निर्माण को तकनीकी मानकों के अनुरूप और मजबूत आधार के साथ नहीं किया गया तो आगामी बारिश के दौरान यह ढांचा दोबारा क्षतिग्रस्त हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच करवाने, सड़क पर फैले मलबे को तत्काल हटाने और गुणवत्ता के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *