पंचायत समिति सोलन के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न पंचायतों से निर्वाचित होकर आए 17 सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता एसडीएम सोलन पूनम बंसल ने की। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत समिति सोलन के सभी 17 नवनिर्वाचित सदस्यों को पंचायती राज निर्वाचन नियमों के तहत विधिवत शपथ दिलाई गई। इस दौरान सदस्यों ने भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा, निष्ठा और प्रतिबद्धता बनाए रखने का संकल्प लिया।
एसडीएम पूनम बंसल ने कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की एक महत्वपूर्ण इकाई है और जनप्रतिनिधियों की भूमिका क्षेत्र के विकास तथा जनता की समस्याओं के समाधान में अहम होती है। उन्होंने सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों में उत्साह देखने को मिला। शपथ ग्रहण के साथ ही पंचायत समिति सोलन का नया कार्यकाल औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। अब समिति के सदस्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में इस शपथ ग्रहण समारोह को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सोलन : पंचायत समिति सोलन के 17 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, संविधान के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प