जिला परिषद सोलन के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। विभिन्न वार्डों से निर्वाचित सदस्यों ने मतदाताओं, समर्थकों और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।
जिला परिषद धंगिल वार्ड नंबर-5 से निर्वाचित सदस्य अमित ठाकुर ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले दिन से ही लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य शुरू कर दिया जाएगा। क्षेत्र से जुड़े जिन मुद्दों को सरकार और प्रशासन के संज्ञान में लाया जा चुका है, उन्हें आगे बढ़ाने के साथ-साथ अन्य लंबित समस्याओं को भी ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सदस्य कुमारी शीला ने भी पत्रकारों, समर्थकों और जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद का मंच विकास और जनसेवा का मंच है, जहां दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन और सरकार के सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तथा जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
वहीं, डोमेर (डुमहर) वार्ड नंबर-3 से लगातार तीसरी बार जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुईं आशा परिहार ने भी जनता, पार्टी नेतृत्व और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास ने उन्हें एक बार फिर सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने पूर्व कार्यकालों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास को नई गति दी जाएगी। आशा परिहार ने भरोसा दिलाया कि जनता के छोटे-बड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगी और लोगों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
सोलन : नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने ली शपथ, विकास और जनसमस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता