शहर के व्यस्त माल रोड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा उठाया गया कदम स्थानीय लोगों के लिए राहत लेकर आया है। माल रोड पर इंटरसेप्टर वाहन की तैनाती के बाद तेज रफ्तार वाहनों और अनावश्यक शोर-शराबे पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है।
स्थानीय निवासी कल्पना ठाकुर ने बताया कि पहले शाम 8 बजे माल रोड वाहनों के लिए खुलते ही स्थिति काफी चिंताजनक हो जाती थी। विशेषकर स्कूटर और मोटरसाइकिल चालक तेज गति से वाहन चलाते थे, जिससे पैदल राहगीरों को सड़क पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार सड़क पार करना जोखिम भरा साबित होता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
उन्होंने कहा कि कुछ बाइक चालक इतनी तेज रफ्तार से गुजरते थे कि ऐसा प्रतीत होता था मानो सड़क पर रेस चल रही हो। इसके अलावा वाहनों के लगातार बजते हॉर्न और तेज आवाज के कारण दुकानदारों तथा राहगीरों को भी परेशानी होती थी। कई बार माल रोड पर मौजूद लोगों के लिए आपस में सामान्य बातचीत करना भी मुश्किल हो जाता था।
अब ट्रैफिक पुलिस द्वारा मुरारी मार्केट से आगे इंटरसेप्टर वाहन तैनात किए जाने के बाद स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। मशरूम चौक और पुराने बस स्टैंड की ओर से आने वाले वाहनों की गति पर नियंत्रण रखा जा रहा है, जिससे यातायात अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन कर रहे हैं और अनावश्यक हॉर्न बजाने की घटनाएं भी कम हो गई हैं। इसके चलते बच्चे, बुजुर्ग और अन्य राहगीर बिना किसी भय के सड़क पार कर पा रहे हैं। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया प्रभावी कदम बताया है।