सोलन नगर निगम चुनाव के लिए तैयारियां पूरी, 17 वार्डों में कल होगा मतदान – SDM पूनम बंसल

नगर निगम सोलन के 17 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों की ओर रवाना कर दिया गया। एसडीएम सोलन एवं निर्वाचन अधिकारी पूनम बंसल ने चुनाव प्रबंधों की जानकारी देते हुए बताया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम चुनाव में इस बार कुल 34,147 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 17,273 पुरुष, 16,873 महिला तथा एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। मतदान के लिए कुल 38 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। वार्ड नंबर 2 और वार्ड नंबर 8 में मतदाताओं की संख्या 1,600 से अधिक होने के कारण वहां सहायक पोलिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं, जहां पुरुष और महिला मतदाताओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 38 पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं। प्रशासन ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए 14 पोलिंग पार्टियों की जिम्मेदारी पूरी तरह महिला कर्मचारियों को सौंपी है। इसके अतिरिक्त 24 अन्य पोलिंग पार्टियां भी चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगी। वहीं, चुनाव ड्यूटी में लगे 38 कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने के लिए आवेदन किया है।
एसडीएम पूनम बंसल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चुनाव के दौरान सात पोलिंग स्टेशनों को संवेदनशील घोषित किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 76 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ दो पुलिस कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले सुबह 6 बजे मॉक पोल आयोजित किया जाएगा, जबकि मतदान सुबह 7 बजे से आरंभ होगा। सभी पोलिंग पार्टियों को शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया ताकि समय पर मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *