सोलन: वार्ड नंबर 7 में रविंद्र रवि ने तेज किया जनसंपर्क अभियान, ‘ताला चाबी’ पर मांगा समर्थन

नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 7 से निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र रवि उर्फ रवि कंवर ने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। चुनाव चिन्ह ‘ताला चाबी’ के साथ वे लक्कड़ बाजार सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
रविंद्र रवि ने कहा कि वार्ड की जनता अब बदलाव चाहती है और राजनीतिक दलों के खोखले वादों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वार्ड में स्ट्रीट लाइट, बेहतर सड़कें, नालियों की नियमित सफाई और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आदर्श नगर और कारगिल क्षेत्र में एम्बुलेंस पहुंचने में आने वाली दिक्कतों को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों के लिए एम्बुलेंस मार्ग निकालना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
रविंद्र रवि ने कहा कि यह चुनाव किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि जनता की समस्याओं और उम्मीदवार की कार्यक्षमता का चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई नेता चुनाव के समय ही जनता के बीच दिखाई देते हैं। उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस बार वे ‘ताला चाबी’ के निशान पर मतदान कर उन्हें सेवा का अवसर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *