जिला में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर नियंत्रण और युवाओं को इससे बचाने के उद्देश्य से उपायुक्त मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉड (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा कर भविष्य की रणनीति तय की गई।
उपायुक्त ने बताया कि यह बैठक प्रत्येक माह के पहले सोमवार को आयोजित की जाती है, ताकि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में पुलिस विभाग की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए उसे सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षा विभाग, नेहरू युवा केंद्र और कल्याण विभाग को जागरूकता अभियान तेज करने के लिए कहा गया।
प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों, प्रोफेशनल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए कि वे अपने परिसरों और हॉस्टलों में छात्रों की गतिविधियों पर निगरानी रखें, ताकि इन्हें नशामुक्त रखा जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सभी विभागों और समाज का एकजुट होना जरूरी है, तभी युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।