सोलन: इंस्पायर मानक प्रतियोगिता में सोलन–सिरमौर के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, 9 चयनित

इंस्पायर मानक कार्यक्रम 2024-25 के तहत जिला सोलन और सिरमौर के स्कूली छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाहन में आयोजित संयुक्त प्रदर्शनी में दोनों जिलों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला नोडल अधिकारी (इंस्पायर प्रोग्राम) अमरीश शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिला सोलन के 74 छात्रों ने सिरमौर के छात्रों के साथ प्रतिस्पर्धा की, जिसमें कुल 90 मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में इस तरह के कार्यक्रम छह स्थानों पर आयोजित किए गए, जिनमें करीब 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 9 छात्रों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इनमें से 6 छात्र जिला सोलन और 3 छात्र जिला सिरमौर से संबंधित हैं। सोलन के चयनित छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देओठी, जाडली, राजकीय माध्यमिक पाठशाला रतड़, एमआरए डीएवी स्कूल, डीएवी अंबूजा तथा डून वैली स्कूल नालागढ़ से हैं।
प्रदर्शनी में छात्रों के नवाचारी मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। देओठी स्कूल के एक छात्र द्वारा तैयार ‘स्मार्ट मिरर’ मॉडल ने विशेष ध्यान खींचा, जिसके माध्यम से मोबाइल ऐप की सहायता से कपड़े पहने बिना ही उनकी फिटिंग जांची जा सकती है। वहीं एक अन्य छात्र ने लकड़ी और प्लास्टिक से फोल्डिंग कुर्सी तैयार की, जो भीड़भाड़ वाली बसों में उपयोगी साबित हो सकती है।
अमरीश शर्मा ने बताया कि चयनित छात्रों को मॉडल तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। अब ये सभी छात्र जून माह में SCERT द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *