सोलन में भगवान सत्य साईं बाबा की 100वीं जयंती के अवसर पर भव्य ‘प्रेम प्रवाहिनी’ रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभा यात्रा शहर के रेस्ट हाउस से शुरू होकर मॉल रोड तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर इसे आध्यात्मिक उत्सव का रूप दे दिया। आंध्र प्रदेश से विशेष रूप से पहुंचा ‘प्रेम प्रवाहिनी’ रथ आकर्षण का केंद्र रहा। साईं संजीवनी अस्पताल की डॉ. सविता अग्रवाल ने बताया कि इस रथ का उद्देश्य ‘लव ऑल, सर्व ऑल’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान पूरा शहर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मौजूद श्रद्धालुओं—डॉ. सविता अग्रवाल, ब्रह्मा कुमारी प्रीति बहन सहित अन्य भक्तों ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, चिंता और नकारात्मकता के बीच इस प्रकार की यात्राएं लोगों को मानसिक शांति और सुकून प्रदान करती हैं। ब्रह्मा कुमारी प्रीति बहन ने सोलन को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि यहां लगातार आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है, जिससे शहर एक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि भगवान का आशीर्वाद पूरे शहर पर बना रहे और समाज में प्रेम, एकता और सेवा की भावना और मजबूत हो।
सोलन में सत्य साईं बाबा की 100वीं जयंती पर निकली भव्य ‘प्रेम प्रवाहिनी’ रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने दिया प्रेम और सेवा का संदेश