हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के जन्मदिन पर सोलन में सेवा और समर्पण की अनोखी मिसाल देखने को मिली। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता के प्रति सम्मान जताते हुए एमएमयू अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे, मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कार्यक्रम में युवाओं ने धूमल को “जन-जन का नेता” बताते हुए उनके योगदान को याद किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि धूमल का व्यक्तित्व आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है और उनका सेवा भाव युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की सीख देता है।
इस आयोजन का नेतृत्व कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल केवल एक नेता नहीं, बल्कि हिमाचल की राजनीति के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने धूमल को “हिमाचल निर्माता” बताते हुए कहा कि प्रदेश का हर कार्यकर्ता उनसे गहरा जुड़ाव रखता है।रोहित भारद्वाज ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य धूमल की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे धूमल के आदर्शों को अपनाकर सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उनके नेतृत्व में हुआ यह आयोजन भाजपा युवा मोर्चा की समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
सोलन: रोहित भारद्वाज के नेतृत्व में सेवा का संदेश—धूमल के जन्मदिन पर युवाओं ने दिखाया समर्पण