गर्मियों के आगमन का महीना कहे जाने वाले अप्रैल में सोलन का मौसम पूरी तरह से बदल गया है। जहाँ एक ओर लोग गर्मी की शुरुआत की उम्मीद कर रहे थे, वहीं सोलन में हालात बिल्कुल इसके विपरीत हैं और शहरवासियों को नवंबर-दिसंबर जैसी ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण, जिन शहरवासियों ने गर्मियों के कपड़े निकाल कर सर्दियों के कपड़े पैक कर दिए थे, उन्हें अब फिर से जैकेट और टोपियां निकालनी पड़ी हैं। लोगों का कहना है कि आज का मौसम देखकर ऐसा लग रहा है जैसे कड़ाके की सर्दी वापस आ गई हो, और लोग ठंड से बचने के लिए दिन भर आग सेकते हुए नजर आ रहे हैं।
वार्ड नंबर आठ के निवासी शीशपाल ने बताया कि सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण आवाजाही मुश्किल हो गई है और ठंड इतनी बढ़ गई है कि लोगों को फिर से अलाव जलाने पर मजबूर होना पड़ा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि तापमान में इतनी गिरावट आ गई है कि रात तक बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है।