हिमाचल परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की सोलन इकाई की मासिक बैठक में पेंशनरों का गुस्सा खुलकर सामने आया। बैठक की अध्यक्षता प्रेम सिंह ठाकुर ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लेते हुए सरकार और प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष जताया। बैठक के बाद संगठन के सचिव जगदीश ठाकुर ने आरोप लगाया कि पेंशनरों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन समय पर नहीं मिल रही और हर महीने की अंतिम तारीख को भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा 2022 से मेडिकल बिल लंबित हैं और 2016 से 2022 के एरियर की 50,000 रुपये की किस्त भी अब तक नहीं दी गई, जबकि अन्य विभागों को यह राशि मिल चुकी है।
जगदीश ठाकुर ने कहा कि आर्थिक तंगी के चलते कई पेंशनर बिना इलाज के दम तोड़ रहे हैं या कर्ज लेकर अपना इलाज करवा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं, तो पेंशनर आगामी पंचायत और कमेटी चुनावों का बहिष्कार करेंगे और बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने बताया कि 8 जनवरी 2026 को प्रबंध निदेशक के साथ हुई बैठक में 31 मार्च तक भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। फिलहाल एमडी की चुनाव ड्यूटी के चलते आंदोलन को एक महीने के लिए स्थगित किया गया है। उनके लौटने के बाद दोबारा वार्ता होगी और यदि समाधान नहीं निकला, तो पेंशनर आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।