साईं इंटरनेशनल स्कूल सोलन में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्कूल के चेयरमैन रविंद्र बाबा ने यह जानकारी दी कि इस शिविर में 250 से अधिक छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का स्वास्थ्य भी बेहद जरूरी है, इसी उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। साथ ही अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया, ताकि वे भी इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठा सकें।इस शिविर में शहर के कई विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय ग्रोवर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण भारद्वाज और जनरल फिजिशियन डॉ. रविकांत सूद शामिल रहे। इसके अलावा डॉ. रवि वर्मा, डॉ. विनोद सूरी और डॉ. विनय पटेल ने भी बच्चों की गहन जांच की।
चेयरमैन रविंद्र बाबा ने विशेष रूप से बताया कि आज के समय में मोबाइल के बढ़ते उपयोग से बच्चों की आंखों पर असर पड़ रहा है, वहीं खानपान की आदतों के कारण दांतों की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बच्चों के लिए बेहद आवश्यक हो गए हैं।