सोलन: आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में जिला संयोजक अरुंधति ने बताया कि सोलन वासियों के लिए एक अत्यंत दुर्लभ और पावन अवसर आने वाला है। उन्होंने जानकारी दी कि 8 अप्रैल को शहर में प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ जी का मूल स्वरूप दर्शन के लिए पहुंचेगा। इस दौरान शाम 5:00 बजे से 6:00 बजे तक विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद श्रद्धालु ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक मौके पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
प्रेस वार्ता के दौरान अरुंधति ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है और करीब हजार वर्ष पहले मोहम्मद गजनी के आक्रमण में क्षतिग्रस्त हो गया था। बाद में अग्निहोत्री पंडितों ने इसके अंशों को सुरक्षित रखा और वर्षों तक पूजा-अर्चना करते रहे। वर्तमान में यह मूल स्वरूप श्री श्री रविशंकर जी को प्राप्त हुआ है, जिसे अब देशभर में दर्शन हेतु ले जाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के भ्रमण के बाद इसे पुनः सोमनाथ में स्थापित किया जाएगा।
सोलन में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के ऐतिहासिक दर्शन 8 अप्रैल को, आर्ट ऑफ लिविंग ने दी जानकारी