सोलन जिले में पशुओं को घातक संक्रामक रोग मुँह-खुर (एफएमडी) से बचाने के लिए चलाए जाने वाले टीकाकरण अभियान की तिथि में बदलाव किया गया है। पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. विवेक लांबा ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले यह अभियान 25 मार्च से शुरू होना था, लेकिन अब इसे 2 अप्रैल से आरंभ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह एक व्यापक अभियान होगा, जिसके तहत जिले के करीब 1.5 लाख से अधिक बड़े और दुधारू पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। विभाग की टीमें घर-घर जाकर पशुपालकों के पशुओं को टीका लगाएंंगी, जिससे अधिक से अधिक पशुओं को कवर किया जा सके।
इस बार अभियान को पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। टीकाकरण के बाद पशु मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसकी पुष्टि के बाद ही टीकाकरण का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
यह अभियान लगभग एक माह तक, यानी 2 मई तक चलेगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर इसे 10 से 15 दिनों तक बढ़ाया भी जा सकता है, ताकि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रहे।
डॉ. लांबा ने बताया कि गौशालाओं और आवारा पशुओं के टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, क्योंकि यह बीमारी अत्यधिक संक्रामक है और तेजी से फैल सकती है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाएं, ताकि बीमारी के खतरे को रोका जा सके।