सोलन जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) से बचाव के लिए गार्डेसल-4 वैक्सीन लगाई जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने अभियान से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए लोगों से जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।
डॉ. पाठक ने बताया कि यह टीका मुख्य रूप से 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 महीने तक की किशोरियों को लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में सर्वाइकल कैंसर के मामले अधिक देखने को मिलते हैं, ऐसे में यह वैक्सीन बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रांतियों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसका प्रजनन क्षमता पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने बताया कि गार्डेसल-4 वैक्सीन वर्ष 2011 से दुनिया के 169 देशों में उपयोग की जा रही है, जबकि भारत में भी यह लंबे समय से निजी क्षेत्र में प्रचलन में है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई महिलाओं ने अपने बच्चों को यह टीका लगवाया है, जो पूर्णतः स्वस्थ हैं।
सीएमओ ने बताया कि अन्य टीकों की तरह इसके भी हल्के साइड इफेक्ट्स जैसे बुखार या जी मिचलाना हो सकता है, लेकिन यह अस्थायी होते हैं और किसी प्रकार का दीर्घकालीन दुष्प्रभाव नहीं होता। जिले में टीकाकरण की पहुंच बढ़ाने के लिए अब सप्ताहांत में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बच्चियों को इस टीकाकरण अभियान से जोड़कर सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें।
सोलन में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को गार्डेसल-4 टीकाकरण अभियान, सीएमओ ने दूर की भ्रांतियां