सोलन में चैत्र चतुर्दशी व महावीर जयंती पर 39वां विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

सोलन के लक्कड़ बाजार स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर में चैत्र चतुर्दशी और महावीर जयंती के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर श्री दुर्गा सेवा समिति द्वारा 39वें विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर समिति के महासचिव देवकी नंदन गुप्ता ने बताया कि आयोजन की शुरुआत माता की चौकी से हुई, जिसमें श्री हरि संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय माहौल बनाया। इसके बाद प्रातःकाल हवन और कन्या पूजन (कंजका) संपन्न किया गया। कन्या पूजन के उपरांत भंडारे का शुभारंभ किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष गैस सिलेंडरों की कमी के चलते भंडारे की शुरुआत में लगभग डेढ़ घंटे का विलंब हुआ। हालांकि बाद में विभिन्न गैस एजेंसियों के सहयोग से सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सका।
समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता का श्रेय सभी सदस्यों और विशेष रूप से प्रदीप अग्रवाल के प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *