सोलन: हिमाचल प्रदेश संयुक्त पेंशनर संघर्ष समिति ने 30 मार्च को मुख्यमंत्री, मंत्रियों व राज्य सचिवालय के घेराव का ऐलान किया है। जिला अध्यक्ष सफदर हुसैन ने बताया कि एचपी पेंशनर्स फ्रंट जॉइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों पेंशनर्स भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि लगभग 15 हजार लोगों के जुटने की संभावना है।
हुसैन के अनुसार पेंशनर्स की प्रमुख मांगों में लंबित एरियर, महंगाई भत्ता (डीए), डीए का एरियर और मेडिकल रिंबर्समेंट का भुगतान शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि 2004 के बाद से पेंशन से वंचित कर्मचारियों का मुद्दा भी आंदोलन का हिस्सा रहेगा।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 16 मार्च को भी विभिन्न जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किए गए थे, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
सफदर हुसैन ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सरकार को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहिए।