सोलन में जल संकट गहराया: गर्मी और पाइप लीकेज से हालात बिगड़े, व्यवसायी धर्मेंद्र ठाकुर ने निगम को चेताया

सोलन: बढ़ती गर्मी और पाइप लाइनों में लगातार हो रही लीकेज के चलते शहर में जल संकट गहराने लगा है। इस गंभीर स्थिति को लेकर शहर के व्यवसायी धर्मेंद्र ठाकुर ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।धर्मेंद्र ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से बारिश न होने और तापमान में लगातार वृद्धि के कारण आने वाले दिनों में पानी की किल्लत और बढ़ सकती है। उन्होंने नगर निगम से अपील की कि स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पानी की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने बताया कि जहां एक ओर शहर के लोगों को महज एक से दो घंटे ही पानी मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर पाइप लाइनों में लीकेज के कारण पानी दिन-रात सड़कों पर बह रहा है। यह स्थिति जल प्रबंधन की खामियों को उजागर करती है।मुख्य डाकखाने के पास का उदाहरण देते हुए ठाकुर ने कहा कि वहां एक बड़ी पाइप लाइन फटने से पानी फव्वारे की तरह लगातार बह रहा है, जिससे भारी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है। हालांकि निगम द्वारा कुछ स्थानों पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है, लेकिन कई जगहों पर समस्या जस की तस बनी हुई है।उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य स्रोत से आने वाले पानी और उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले पानी के बीच बड़ा अंतर है, जिससे साफ है कि या तो पानी बड़े स्तर पर लीकेज में जा रहा है या उसका सही ढंग से वितरण नहीं हो पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *