सोलन: सोलन में लावारिस दवाइयों का मामला गरमाया, बीडीओ ने बैठाई जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय

जिला सोलन में सार्वजनिक स्थान पर बड़ी मात्रा में लावारिस दवाइयां फेंके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस गंभीर लापरवाही को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सोलन, रमेश शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।बीडीओ रमेश शर्मा ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद विभाग ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने संबंधित पंचायत सचिव को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बीडीओ रमेश शर्मा  ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि दवाइयां कहां से लाई गईं और किसके द्वारा सार्वजनिक स्थान पर फेंकी गईं। इसके साथ ही यह भी जांच का विषय है कि ये दवाइयां किस कंपनी से संबंधित हैं, ताकि जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जा सके।प्रशासन इस मामले को स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी गंभीर लापरवाही मान रहा है। बीडीओ ने चेतावनी दी है कि रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों या संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *