सोलन: क्या हिमाचल के होटल-ढाबों में कमर्शियल गैस की किल्लत? बद्दी में रिफिलिंग से इंकार, प्रशासन सतर्क

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में कमर्शियल गैस सिलेंडर की रिफिलिंग को लेकर पैदा हुई स्थिति ने होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार बद्दी में गैस कंपनियां फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों को भरने से इंकार कर रही हैं, जिसके कारण कई वाहनों को खाली ही वापस लौटना पड़ रहा है। यदि यह स्थिति जारी रहती है तो आने वाले दिनों में होटल और ढाबों में गैस की किल्लत पैदा होने की आशंका जताई जा रही है।
इस मामले पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा  ने कहा कि उन्हें भी समाचार माध्यमों के जरिए कमर्शियल गैस की संभावित कमी की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन इस संबंध में ऑयल कंपनियों से लगातार संपर्क साधने का प्रयास कर रहा है, ताकि सप्लाई में आ रही बाधा के कारणों का पता लगाया जा सके और समाधान निकाला जा सके।डीसी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और इसकी कोई कमी नहीं है। उन्होंने होटल, ढाबा संचालकों और व्यापारियों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और अगले एक-दो दिनों में हालात की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *