नगर निगम सोलन और पशुपालन विभाग के संयुक्त प्रयासों से शहर में आवारा कुत्तों के बंध्याकरण (न्यूट्रलाइजेशन) का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक Dr. Vivek Lamba ने बताया कि विभाग ने इस कार्य के लिए सप्ताह में एक दिन मंगलवार निर्धारित किया है, जिस दिन विशेष अभियान चलाकर कुत्तों का बंध्याकरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि मंगलवार, 10 मार्च को 24 आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया गया, जिससे सोलन शहर में अब तक न्यूट्रलाइज किए गए कुत्तों की कुल संख्या बढ़कर 381 हो गई है।डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि यह अभियान केवल सोलन शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले में प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। 28 फरवरी तक के आंकड़ों के अनुसार जिले में करीब 3,368 कुत्तों का सफलतापूर्वक बंध्याकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बंध्याकरण के साथ-साथ कुत्तों को एंटी-रेबीज वैक्सीन भी लगाई जा रही है। जिले में अब तक लगभग 6,700 कुत्तों का सामूहिक टीकाकरण किया जा चुका है और यह टीकाकरण पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है, ताकि रेबीज के खतरे को कम किया जा सके।