सोलन में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगाम लगाने के लिए पशुपालन विभाग ने अभियान को रफ्तार दे दी है। उप-निदेशक डॉ. विवेक लांबा के अनुसार, नगर निगम के ठोडो ग्राउंड स्थित एबीसी सेंटर में आज 26 आवारा कुत्तों की नसबंदी की गई। अब तक इस अभियान के तहत कुल 357 कुत्तों की नसबंदी पूरी हो चुकी है।
डॉ. लांबा ने बताया कि कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए सर्जरी का दिन पुनर्निर्धारित कर हर मंगलवार तय किया गया है। रविवार को बाजार बंद होने से कुत्तों को पकड़ना आसान रहता है, जबकि अन्य दिनों में भीड़ के कारण कठिनाई आती है। विभाग अब प्रति सप्ताह 25 से 30 कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य लेकर चल रहा है।नसबंदी के साथ-साथ हर कुत्ते को एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) भी लगाई जा रही है और पहचान के लिए कान पर ‘C’ आकार का निशान बनाया जाता है। विभाग को वैक्सीन की नई खेप मिल चुकी है और जल्द ही बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को रेबीज के खतरे और डॉग बाइट की घटनाओं से राहत मिलने की उम्मीद है।