होली के रंगों के बीच त्वचा की सुरक्षा बेहद जरूरी है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अर्पणा शर्मा ने त्योहार से पहले और बाद में बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों को साझा किया है। उन्होंने कहा कि होली से पहले किसी भी प्रकार का फेशियल, स्क्रब न कराएं, क्योंकि इससे त्वचा संवेदनशील हो जाती है। रंग खेलने से पहले शरीर और बालों पर नारियल, जैतून या बादाम तेल की अच्छी मालिश करें, खासकर कान के पीछे और उंगलियों के बीच। कम से कम 30 एसपीएफ वाला ब्रॉड स्पेक्ट्रम वाटरप्रूफ सनस्क्रीन लगाएं और नाखूनों पर नेल पॉलिश की मोटी परत लगाकर सुरक्षा करें।डॉ. शर्मा ने हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों के उपयोग पर जोर देते हुए धातुयुक्त और पक्के रंगों से बचने की सलाह दी। उन्होंने पर्याप्त पानी पीकर शरीर को हाइड्रेटेड रखने की भी बात कही। रंग हटाने के लिए पहले सूखे में झाड़ लें, फिर पीएच बैलेंस्ड साबुन से स्नान करें और बाद में त्वचा पर नारियल तेल या मॉइस्चराइजर लगाएं। यदि जलन या एलर्जी के लक्षण दिखें तो तुरंत त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।