श्रमिकों की मांगों को लेकर बीएमएस का ज्ञापन, समाधान की उठी मांग

सोलन में भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर एडीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा। प्रधानमंत्री को सौंपे ज्ञापन में श्रम कानूनों को सख्ती से लागू करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को नियमित करने तथा न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने की मांग की गई। वहीं मुख्यमंत्री को भेजे 24 सूत्रीय मांग पत्र में सातवें वेतन आयोग के लंबित बकाया का भुगतान, 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते की शेष किस्तों को जारी करने, हिमाचल पथ परिवहन निगम ) सहित विभिन्न विभागों में वेतन व पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम 26,000 रुपये प्रतिमाह वेतन देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के प्रधान सुरजीत राणा और हिमाचल प्रदेश परिवहन मजदूर संघ के कोषाध्यक्ष कपिल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ एडीसी सोलन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ये मांगें श्रमिकों के हित में हैं और लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन, भत्ते और पेंशन मिलना उनका अधिकार है तथा आउटसोर्स कर्मियों को भी सम्मानजनक वेतन दिया जाना चाहिए। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आगामी दिनों में आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *