सोलन में पानी सस्ता, नई व्यवस्था से बढ़ेगी कार्यकुशलता: कर्नल धनीराम शांडिल

सोलन। शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। कर्नल धनीराम शांडिल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अब सोलन में पानी की दरों में कमी की जा रही है और जल वितरण की जिम्मेदारी नगर निगम की बजाय आईपीएच विभाग संभालेगा।
उन्होंने बताया कि जहां पहले नगर निगम द्वारा प्रति यूनिट लगभग ₹28 वसूले जाते थे, वहीं अब आईपीएच विभाग करीब ₹19 प्रति यूनिट की दर से पानी उपलब्ध कराएगा। इससे सीधे तौर पर आम जनता को आर्थिक राहत मिलेगी।
शांडिल ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में आई थी तो उसने “व्यवस्था परिवर्तन” का संकल्प लिया था और अब वह वादे धरातल पर उतरते दिखाई दे रहे हैं। सोलन के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा कि जल आपूर्ति और वितरण—दोनों की जिम्मेदारी एक ही विभाग के पास होगी। इससे न केवल समन्वय बेहतर होगा बल्कि कार्यकुशलता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई व्यवस्था से जल प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित होगा, लीकेज और तकनीकी दिक्कतों पर तेजी से कार्रवाई हो सकेगी तथा नागरिकों को बेहतर सेवा मिलेगी।
शहरवासियों के लिए यह निर्णय न केवल आर्थिक राहत है बल्कि बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *