सोलन। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और कुत्तों के काटने की घटनाओं पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से ‘हमारी आकांक्षा ट्रस्ट’ ने एक विशेष नसबंदी अभियान शुरू किया है। ट्रस्ट की फाउंडर प्रेरणा शर्मा ने बताया कि इस मुहिम को पशुपालन विभाग और नगर निगम सोलन का सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए उन्होंने दोनों विभागों का आभार व्यक्त किया। अभियान के तहत आज क्लीन, चंबा घाट, धोबीघाट रोड और गंज बाजार क्षेत्रों से 32 आवारा कुत्तों की नसबंदी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कुत्तों को ऑपरेशन के साथ वैक्सीन भी लगाई गई है, जिससे भविष्य में संक्रमण फैलने की आशंका बेहद कम रहेगी।
प्रेरणा शर्मा ने बताया कि सर्दियों को देखते हुए ऑपरेशन के बाद कुत्तों की विशेष देखभाल की जा रही है। उनके लिए जूट की बोरियां बिछाई गई हैं और टेंट के टुकड़ों से ढककर ठंड से बचाया जा रहा है, जबकि डॉक्टर की सलाह पर होश में आने तक उन्हें हीटर के सामने रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट पिछले सात हफ्तों से लगातार इस अभियान में जुटा है और अब तक कुल 86 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। अगले चरण में 35 और कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है, जबकि ट्रस्ट का संकल्प सोलन में कुल 1000 आवारा कुत्तों की नसबंदी करवाने का है। प्रेरणा शर्मा ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नसबंदी से कुत्तों का स्वभाव शांत होता है और आक्रामकता कम होती है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को कुत्तों के काटने के भय से राहत मिल सकेगी।
सोलन में आवारा कुत्तों पर लगाम के लिए ‘हमारी आकांक्षा ट्रस्ट’ की बड़ी पहल, 1000 कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य