सोलन नगर निगम: 5 करोड़ के बायोगैस प्लांट को मंजूरी, कूड़ा उठान शुल्क नहीं बढ़ेगा

सोलन नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में शहर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े अहम निर्णय लिए गए। नगर निगम कमिश्नर एकता कपटा ने बताया कि आमसभा की कार्यवाही सकारात्मक रही और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बायोगैस रिएक्टर स्थापित करने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही प्लांट परिसर में सड़क और रिटेनिंग वॉल के निर्माण को भी हरी झंडी दी गई है। इस परियोजना से कूड़े के वैज्ञानिक निपटान के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में सीवरेज पाइप बिछाने और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण जैसे विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई और संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में घरेलू कूड़ा उठान शुल्क को तर्कसंगत करने और उसमें आंशिक वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन हाउस की सहमति न बनने के कारण इसे खारिज कर दिया गया। अंततः यह निर्णय लिया गया कि कूड़ा उठान के रेट्स में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और शुल्क पहले की तरह ही रहेंगे।
नगर निगम कमिश्नर एकता कपटा ने बताया कि जिन वित्तीय स्वीकृतियों को हाउस से मंजूरी लेनी थी, उन्हें पारित कर दिया गया है और आने वाले समय में इन विकास कार्यों से शहर की बुनियादी सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *