सोलन विकास खंड में बीपीएल चयन प्रक्रिया के तीन चरण पूरे होने के बाद अब प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार चौथा चरण आरंभ कर दिया गया है। खंड विकास अधिकारी रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड सोलन में कुल 1205 लोगों ने बीपीएल के लिए आवेदन किया था, जिनमें जांच के बाद 98 लोग अपात्र पाए गए। तीन चरणों में कुल 406 आवेदक पात्र घोषित किए गए हैं, जिनकी अधिसूचना एसडीएम सोलन द्वारा जारी कर दी गई है।
बीडीओ रमेश शर्मा ने बताया कि चौथे चरण में सरकार द्वारा तीन नई शर्तें जोड़ी गई हैं, जो पहले से लागू शर्तों के साथ प्रभावी रहेंगी। इसके तहत 40 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले परिवार मुखिया, पिछले वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत 80 दिन कार्य करने वाले परिवार तथा दुर्घटना या गंभीर बीमारी के कारण कमाने वाले सदस्य के बिस्तर पर होने की स्थिति में परिवार आवेदन कर सकता है। पात्र व्यक्ति 17 फरवरी तक अपनी ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव के पास आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन के बाद पंचायत स्तर पर सचिव, पटवारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की समिति द्वारा स्पॉट वेरिफिकेशन किया जाएगा, जिसके पश्चात पात्र मामलों को अंतिम स्वीकृति के लिए एसडीएम सोलन की अध्यक्षता वाली समिति को भेजा जाएगा।