सोलन | क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कुत्ते के काटने (डॉग बाइट) के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस विषय में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. राकेश पंवार ने अहम जानकारी साझा की। डॉ. पंवार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान अस्पताल में डॉग बाइट के 68 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनका समय पर इलाज किया गया है और सभी मरीजों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। उन्होंने राहत की बात बताते हुए कहा कि अब तक रेबीज का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। अस्पताल में पहुंचने वाले सभी मरीज शहर और आसपास के क्षेत्रों से हैं और फिलहाल ये केवल कुत्ते के काटने के मामले हैं।मौसम के प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए डॉ. पंवार ने बताया कि सर्दी के मौसम में कीटाणु निष्क्रिय (डॉर्मेंट) अवस्था में रहते हैं, लेकिन जैसे-जैसे मौसम में गर्मी बढ़ेगी, डॉग बाइट के मामलों में और वृद्धि की आशंका बनी रहती है।इलाज की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि एंटी रेबीज इंजेक्शन की एक तय डोजिंग प्रणाली होती है और मरीजों को उसी निर्धारित खुराक के अनुसार टीके लगाए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ते के काटने की स्थिति में बिना देर किए तुरंत अस्पताल पहुंचें और पूरा टीकाकरण अवश्य करवाएं।डॉग बाइट के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवारा कुत्तों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।