हिमाचल में खेलों का स्वर्णिम दौर: नेशनल प्रतियोगिताओं से चमके खिलाड़ी, बढ़ा प्रदेश का मान

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों खेलों का स्तर लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और बड़े आयोजनों की मेजबानी से उनका हौसला भी दोगुना हुआ है। हाल ही में नालागढ़ में 19 से 23 जनवरी तक आयोजित अंडर-19 गर्ल्स कबड्डी नेशनल प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा 1 से 5 तारीख तक बिलासपुर के घुमारवीं में अंडर-19 गर्ल्स हैंडबॉल नेशनल का आयोजन होने जा रहा है, जो प्रदेश के लिए एक और बड़ी खेल उपलब्धि मानी जा रही है।
सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि पिछले 5–10 वर्षों में खेलों के नतीजे बेहद सकारात्मक रहे हैं। अब खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कोटे के तहत सरकारी नौकरियां भी मिल रही हैं, जिससे अभिभावकों और युवाओं की सोच में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने खुशी जताई कि इस बार हिमाचल को तीन नेशनल गेम्स की मेजबानी मिली है, जो अपने-आप में बड़ी उपलब्धि है। चौहान ने इसका श्रेय विभागीय सचिव डॉ. अमरजीत सिंह को देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश के बच्चों और आम जनता को खेलों की ओर बढ़ने का मजबूत प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *