सोलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का कल 28 जनवरी (बुधवार) को दौरा प्रस्तावित है। शहरी भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. बिंदल राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे एस.आई.आर (SIR) कार्यक्रम के तहत शाम 4:00 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचेंगे। यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, जिसका मूल मंत्र ‘एक व्यक्ति, एक वोट, एक पहचान’ है। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है। यह व्यवस्था पहले 12 राज्यों में लागू की जा चुकी है और अब इसे पूरे देश में लागू करने का आह्वान किया जा रहा है।
शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि ऐतिहासिक रूप से ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की अवधारणा 1952 में लागू की गई थी, जिसे 1993 में चुनाव आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष टी.एन. शेषन ने फोटो पहचान पत्र के माध्यम से और मजबूत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार, बंगाल और यूपी जैसे राज्यों में फर्जी मतदान की समस्या सामने आई है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान जरूरी है। कार्यक्रम के तहत शाम 5:30 बजे के बाद लगभग एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। भाजपा युवा मोर्चा इसकी तैयारियों में जुटा है। गुप्ता ने सोलनवासियों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
सोलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का दौरा कल, मानव श्रृंखला से दिया जाएगा ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ का संदेश