महाशिवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर आज सोलन में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में डुबो दिया। यह दिव्य शोभायात्रा नगर के प्रसिद्ध नरसिंह मंदिर से आरंभ हुई, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माथा टेककर अपने मंगल भविष्य की कामना की।बारात में भगवान शिव के विभिन्न रूपों को आकर्षक झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कलाकारों ने शिव, माता काली और गणों का रूप धारण कर तांडव नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। जैसे ही शिव बारात मुख्य बाजार से गुजरी, सोलन में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा शहर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा, और श्रद्धालु नाचते-गाते हुए शिवमय माहौल में मग्न हो गए।भक्तों ने इस आयोजन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान शिव की इस भव्य यात्रा में शामिल होकर उन्होंने असीम आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया और भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। महाशिवरात्रि पर यह आयोजन सोलन की सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक बन गया। वहीँ उन्होंने बताया कि आज उनके द्वारा घोटे का प्रसाद चरणामृत के तौर पर भक्तों को दिया जा रहा है। उन्होंने इस मौके पर सभी के मंगल भविष्य की कामना की।