दो हफ्ते से रक्कड़ के लापता अशोक कुमार का अब तक नहीं मिला सुराग, अपने ट्रक सहित लद्दाख के पांग से हुआ था लापता, परिजनों को जिंदा होने की उम्मीद

कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल की तहसील रक्कड़ के कटोह टिक्कर गांव निवासी 50 वर्षीय अशोक कुमार के लापता होने का मामला गहराता जा रहा है। अशोक कुमार, जो पेशे से ट्रक चालक हैं, दो हफ्तों से अपने ट्रक सहित लापता हैं। परिजन उनकी सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। अशोक कुमार अपने ट्रक (HP78-2680) में प्लाई बोर्ड शीट का सामान लेकर लेह-लद्दाख गए थे। उन्होंने सामान उतारने के बाद घर लौटने की सूचना दी थी। जसवां प्रागपुर से विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर से इस बारे में बात की है। लद्दाख पुलिस से संपर्क किया गया है। उम्मीद है कि अशोक कुमार सकुशल वापिस लौट आएंगे। उधर अशोक कुमार कि 90 साल की बूढ़ी मां भी आंखें रास्ते में लगाए हुए है कि कब उनका बेटा घर लौटेगा।

उधर पांग नामक स्थान से अशोक ने आखिरी बार 5 दिसंबर को अपने परिवार को फोन पर अपनी स्थिति की जानकारी दी थी। इसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है, और उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अशोक कुमार के परिवार ने 6 दिसंबर को रक्कड़ थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिवारजनों ने बताया कि उन्होंने कई बार अशोक कुमार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद होने से कोई सूचना नहीं मिल सकी।

पुलिस और प्रशासन का सर्च ऑपरेशन

रक्कड़ थाने के एसएचओ किशोर चंद ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। संभावित मार्गों पर पुलिस चौकियों और ट्रैफिक नाकों को सतर्क कर दिया गया है। लेह लद्दाख के पांग और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय अधिकारियों और निवासियों से संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। अशोक कुमार का मोबाइल फोन आखिरी बार पांग में एक्टिव था, जिसके आधार पर पुलिस लोकेशन ट्रेस कर रही है। इसके अलावा, ट्रक का विवरण विभिन्न राज्यों की पुलिस और परिवहन विभाग के साथ साझा किया गया है। हालांकि, अभी तक ट्रक या अशोक कुमार का कोई पता नहीं चल पाया है।

लद्दाख पुलिस और यूटीडीआरएफ करेंगी सर्च अभियान

लद्दाख पुलिस ने बताया कि पांग पोस्ट पर अशोक कुमार के ट्रक की एंट्री दर्ज है, लेकिन दारचा पोस्ट पर कोई एंट्री नहीं है। इस क्षेत्र में पुलिस ने पहले भी सर्च अभियान चलाया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। नियोमा थाने के एसएचओ इफ्तिखार हुसैन ने जानकारी दी कि अब यूटीडीआरएफ (यूनियन टेरिटरी डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम के साथ मिलकर सर्च अभियान फिर से शुरू किया जाएगा।

परिजनों की चिंता और अपील

अशोक कुमार के बेटे निखिल और अन्य परिजन उनके लापता होने से सदमे में हैं। निखिल ने प्रशासन और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अशोक कुमार या उनके ट्रक से संबंधित कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। परिजन उनकी सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

रक्कड़ निवासी ट्रक ड्राइवर अशोक कुमार के लापता होने के मामले पर पूर्व मंत्री व जसवां प्रागपुर से विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि हर तरह से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में सांसद अनुराग ठाकुर से भी बात की है। उन्होंने तुरन्त कारवाई करते हुए लदाख में उच्चाधिकारियों से बात की है। बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही अशोक सकुशल परिवार के साथ होंगे। अभी जहां ट्रक सहित अशोक लापता हुआ है वहां बर्फ पड़ी है इसलिए रेस्क्यू टीम को ढूंढने में परेशानी हो रही है।