सोलन मंडी में छोटे सेबों की अधिकता से बाजार नरम, प्रीमियम सेब के दाम मजबूत

सोलन सेब मंडी में इन दिनों सेब की आवक सामान्य बनी हुई है, लेकिन बाजार में पिछले कुछ दिनों से हल्की मंदी देखने को मिल रही है। एसएफटी शॉप नंबर 112 के कारोबारी मनीष चौहान के अनुसार मंडी में पहुंचने वाले सेब के कुल लॉट में करीब 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा छोटे आकार के सेब का है। आगे की मंडियों में छोटे सेबों की मांग कम होने के कारण इनके दामों पर असर पड़ा है।
मनीष चौहान ने बताया कि छोटे आकार के सेब भी फिलहाल सोलन मंडी में 1800 से 2100 रुपये प्रति बॉक्स तक बिक रहे हैं। हालांकि, पिछले चार से छह दिनों की तुलना में सेब के दामों में करीब 300 से 400 रुपये प्रति बॉक्स तक की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि छोटे सेबों की अधिक आवक और आगे के बाजार में अपेक्षाकृत कम मांग के चलते यह स्थिति बनी है।
वहीं, बड़े आकार और अच्छी गुणवत्ता वाले प्रीमियम सेबों की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है। ऐसे सेब मंडी में 2000 से 2500 रुपये तथा बेहतर गुणवत्ता होने पर 3000 रुपये प्रति बॉक्स तक बिक रहे हैं। कारोबारी के अनुसार उनके व्यापार में बेहतरीन गुणवत्ता वाले सेब शुक्रवार को 2500 से 2700 रुपये प्रति बॉक्स तक बिके। वहीं, रॉयल सेब के अच्छे सब-बॉक्स 800 से 1300 रुपये तक के दाम पर बिक रहे हैं।
मनीष चौहान ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सोलन मंडी में सेब की कुल आवक कम है। पिछले साल भारी मात्रा में सेब मंडी में पहुंचा था, जिसके मुकाबले इस सीजन में आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है। हालांकि, गुणवत्ता के मामले में सोलन मंडी की स्थिति बेहतर है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अन्य मंडियों की तुलना में सोलन मंडी में अच्छी गुणवत्ता और शानदार सेब पहुंच रहा है। कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में सेब की गुणवत्ता, आकार और बाजार की मांग के आधार पर दामों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *