सोलन नगर निगम के विकास कार्यों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। वार्ड नंबर 9 अब शहर का पहला ऐसा वार्ड बन गया है, जहाँ स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए समर्पित कम्युनिटी हॉल का निर्माण किया गया है। ‘विवेकानंद कम्युनिटी हॉल’ ने न केवल एक बुनियादी जरूरत को पूरा किया है, बल्कि यह सामुदायिक एकता और सामाजिक विकास का नया केंद्र भी बनकर उभरा है। इस पहल के पीछे पार्षद शैलेन्द्र गुप्ता की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता साफ झलकती है। यह हॉल आने वाले समय में अन्य वार्डों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
हॉल के बारे में जानकारी देते हुए शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि इसका उद्घाटन माननीय मंत्री धनीराम शांडिल द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस हॉल का उपयोग बहुउद्देशीय रूप में किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोग पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। साथ ही, बच्चों के लिए इसे पुस्तकालय के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जहाँ मात्र ₹200 शुल्क पर पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। महिला मंडलों के लिए भी विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। छत पर शेड की व्यवस्था से कार्यक्रमों का बेहतर संचालन संभव होगा। यह कम्युनिटी हॉल निश्चित रूप से सोलन के सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा।